फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) 1930 - 2026
![]() |
| FIFA World Cup |
फुटबॉल 11-11 खिलाड़ियों की दो टीमों के बीच खेला जाने वाला दुनिया के सबसे रोमांचक खेलों में से एक है। यह खेल दुनिया के लगभग हर देश में खेला जाता है। लेकिन जब बात आती है फीफा वर्ल्ड कप की तो इसका रोमांच अपने चरम पर होता है। हर चार साल में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट दुनिया का सबसे बड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट है। तो आइए जानते हैं, 1930 से 2026 तक आयोजित सभी फीफा वर्ल्ड कप के बारे में।
1930 - उरुग्वे
साल 1930 में पहली बार उरुग्वे में फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में 13 देशों की टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में मेजबान उरुग्वे ने अर्जेंटीना को 4-2 से हराकर पहला विश्व कप अपने नाम किया। उस समय विजेता टीम को विक्ट्री ट्रॉफी दी जाती थी।
1934 - इटली
1934 में दूसरा फीफा वर्ल्ड कप इटली में आयोजित हुआ, जिसमें 16 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में इटली ने चेकोस्लोवाकिया को अतिरिक्त समय में 2-1 से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
1938 - फ्रांस
1938 में फ्रांस में आयोजित फीफा वर्ल्ड कप में 15 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में इटली ने हंगरी को 4-2 से हराकर लगातार दूसरी बार विश्व कप जीता।
1942 और 1946
1942 और 1946 का फीफा वर्ल्ड कप द्वितीय विश्व युद्ध के कारण आयोजित नहीं हो सका। युद्ध के कारण दुनिया भर में खेल गतिविधियाँ प्रभावित हुईं और फुटबॉल का सबसे बड़ा टूर्नामेंट भी स्थगित करना पड़ा।
1950 - ब्राज़ील
12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद 1950 में ब्राज़ील में फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ, जिसमें 13 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया । फाइनल मुकाबले में उरुग्वे ने मेजबान ब्राज़ील को 2-1 से हराकर दूसरी बार विश्व कप जीता। यह ऐतिहासिक मैच फुटबॉल इतिहास में मराकानाज़ो के नाम से जाना जाता है। इसी वर्ष फीफा के तत्कालीन अध्यक्ष जूल्स रिमे के सम्मान में विजेता ट्रॉफी का नाम बदलकर जूल्स रिमे ट्रॉफी कर दिया गया।
1954 - स्विट्ज़रलैंड
1954 का फीफा वर्ल्ड कप स्विट्ज़रलैंड में आयोजित हुआ। जिसमंे 16 देशों की टीमें शामिल हुई। फाइनल में पश्चिम जर्मनी ने हंगरी को 3-2 से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप जीता। इस ऐतिहासिक जीत को मिरेकल ऑफ बर्न कहा जाता है।
1958 - स्वीडन
1958 का फीफा वर्ल्ड कप स्वीडन में आयोजित हुआ, जिसमें 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में ब्राज़ील ने मेजबान स्वीडन को 5-2 से हराकर अपना पहला विश्व कप जीता। इस विश्व कप में मात्र 17 वर्षीय पेले ने पूरी दुनिया को अपनी असाधारण प्रतिभा से परिचित कराया। उन्होंने फाइनल में दो गोल किए और फुटबॉल के नए सुपरस्टार बन गए।
1962 - चिली
1962 का फीफा वर्ल्ड कप चिली में खेला गया। इसमें 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में ब्राज़ील ने चेकोस्लोवाकिया को 3-1 से हराकर लगातार दूसरी बार विश्व कप अपने नाम किया।
1966 - इंग्लैंड
1966 का फीफा वर्ल्ड कप इंग्लैंड में आयोजित हुआ। इसमें 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में इंग्लैंड ने पश्चिम जर्मनी को अतिरिक्त समय में 4-2 से हराकर पहली बार फीफा वर्ल्ड कप जीता। इस मैच में इंग्लैंड के खिलाड़ी ज्योफ हर्स्ट द्वारा किया गया विवादित वेम्बली गोल फुटबॉल इतिहास की सबसे चर्चित घटनाओं में गिना जाता है।
1970 - मेक्सिको
1970 में मेक्सिको में आयोजित फीफा वर्ल्ड कप में 16 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में ब्राज़ील ने इटली को 4-1 से हराकर तीसरी बार विश्व कप जीता। तीसरी बार विश्व कप जीतने पर ब्राज़ील को जूल्स रिमे ट्रॉफी स्थायी रूप से प्रदान कर दी गई।
1974 - पश्चिम जर्मनी
1974 का फीफा वर्ल्ड कप पश्चिम जर्मनी में आयोजित हुआ। इसमें 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में पश्चिम जर्मनी ने नीदरलैंड्स को 2-1 से हराकर अपना दूसरा विश्व कप जीता। इसी विश्व कप से विजेता टीम को फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी प्रदान की जाने लगी, जो आज भी दी जाती है।
1978 - अर्जेंटीना
1978 का फीफा वर्ल्ड कप अर्जेंटीना में आयोजित हुआ। इसमें 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में मेजबान अर्जेंटीना ने नीदरलैंड्स को अतिरिक्त समय में 3-1 से हराकर पहली बार विश्व कप अपने नाम किया।
1982 - स्पेन
1982 का फीफा वर्ल्ड कप स्पेन में आयोजित हुआ। यह पहला विश्व कप था, जिसमें 24 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में इटली ने पश्चिम जर्मनी को 3-1 से हराकर तीसरी बार विश्व कप जीता।
1986 - मेक्सिको
1986 का फीफा वर्ल्ड कप मेक्सिको में आयोजित हुआ। इसमें 24 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में अर्जेंटीना ने पश्चिम जर्मनी को 3-2 से हराकर दूसरी बार विश्व कप जीता। यह विश्व कप महान खिलाड़ी डिएगो माराडोना के अद्भुत प्रदर्शन, हैंड ऑफ गॉड गोल और गोल ऑफ द सेंचुरी के लिए याद किया जाता है।
1990 - इटली
1990 का फीफा वर्ल्ड कप इटली में खेला गया। जिसके लिए 24 देशों की टीमों ने क्वालीफाई किया था। फाइनल में पश्चिम जर्मनी ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर तीसरी बार विश्व कप अपने नाम किया।
1994 - संयुक्त राज्य अमेरिका
1994 का फीफा वर्ल्ड कप संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित हुआ। टूनामेंट में 24 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मैंच में ब्राज़ील और इटली निर्धारित समय तथा अतिरिक्त समय तक गोल नहीं कर सके। इसके बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप फाइनल का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। ब्राज़ील ने पेनाल्टी में 3-2 से जीत दर्ज कर चौथी बार विश्व कप जीता।
1998 - फ्रांस
1998 का फीफा वर्ल्ड कप फ्रांस में आयोजित हुआ। यह पहला विश्व कप था, जिसमें 32 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में मेजबान फ्रांस ने ब्राज़ील को 3-0 से हराकर पहली बार विश्व कप जीता।
2002 - दक्षिण कोरिया और जापान
2002 का फीफा वर्ल्ड कप दक्षिण कोरिया और जापान द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया। यह पहला विश्व कप था, जिसकी मेजबानी दो देशों ने मिलकर की और पहली बार फीफा वर्ल्ड कप एशिया में आयोजित हुआ। टूनामेंट में 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में ब्राज़ील ने जर्मनी को 2-0 से हराकर पाँचवीं बार विश्व कप जीता।
2006 - जर्मनी
2006 का फीफा वर्ल्ड कप जर्मनी में आयोजित हुआ। टूनामेंट में 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में इटली और फ्रांस निर्धारित समय तथा अतिरिक्त समय तक 1-1 की बराबरी पर रहे। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में इटली ने 5-3 से जीत दर्ज कर 24 वर्षों बाद चौथी बार विश्व कप अपने नाम किया।
2010 - दक्षिण अफ्रीका
2010 का फीफा वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका में आयोजित हुआ। यह पहला विश्व कप था, जिसकी मेजबानी किसी अफ्रीकी देश ने की। टूनामेंट में 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में स्पेन ने नीदरलैंड्स को अतिरिक्त समय में 1-0 से हराकर पहली बार विश्व कप जीता।
2014 - ब्राज़ील
2014 का फीफा वर्ल्ड कप ब्राज़ील में आयोजित हुआ। टूनामेंट में 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में जर्मनी ने अर्जेंटीना को अतिरिक्त समय में 1-0 से हराकर चौथी बार विश्व कप अपने नाम किया।
2018 - रूस
2018 का फीफा वर्ल्ड कप रूस में आयोजित हुआ। टूनामेंट में 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में फ्रांस ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर दूसरी बार विश्व कप जीता।
2022 - कतर
2022 का फीफा वर्ल्ड कप कतर में आयोजित हुआ। यह पहला विश्व कप था जिसकी मेजबानी किसी अरब देश ने की। टूनामंेट में 32 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक खेला गया। निर्धारित समय और अतिरिक्त समय के बाद स्कोर 3-3 से बराबर रहा। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने फ्रांस को 4-2 से हराकर तीसरी बार फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीत लिया।
2026 - संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको
2026 का फीफा वर्ल्ड कप पहली बार तीन देशों संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित किया गया। यह पहला विश्व कप था, जिसमें 48 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मैच में स्पेन ने अर्जेंटीना को अतिरिक्त समय (एक्स्ट्रा टाइम) में 1-0 से हराकर अपना दूसरा फीफा वर्ल्ड कप खिताब जीता।
2030 - स्पेन, पुर्तगाल और मोरक्को
2030 में 24वां फीफा वर्ल्ड कप - स्पेन, पुर्तगाल और मोरक्को में आयोजित किया जाएगा।
1930 से 2026 तक हुए 23 फीफा वर्ल्ड कप में ब्राजील ने 5, जर्मनी ने 4, इटली ने 4, अर्जेंटीना ने 3, फ्रांस ने 2, उरूग्वे ने 2, स्पेन ने 2, इंग्लैण्ड ने 1 बार फीफा वर्ल्ड कप ट्राफी जीती है।
